अंबिकापुर। अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल समाज द्वारा इस वर्ष 20 दिवसीय अग्र महाकुंभ मेला का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पिछले चार वर्षों से अग्रवाल समाज द्वारा अग्रसेन जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, लेकिन इस बार समाज ने इसे व्यापक रूप देते हुए 22 सितंबर से 11 अक्टूबर तक अलग-अलग कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की है।
इस 20 दिवसीय आयोजन में खेलकूद प्रतियोगिताओं, रक्तदान शिविर, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में युवा मंच द्वारा अग्रोहा उत्सव मेला का आयोजन किया गया जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बिजनेस एक्सपो का भी आयोजन किया गया, इसका मुख्य उद्देश्य नए व्यवसाय शुरू करने वाले युवाओं और नए बिजनेस मैन को बेहतर मार्गदर्शन और व्यवसाय से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना है।
आयोजन के दौरान समाज के लोगों के साथ युवाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए समाज की प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।
अग्रवाल समाज के जिला अध्यक्ष संजय मित्तल ने बताया कि 22 सितंबर से शुरू हुआ यह आयोजन 11 अक्टूबर तक चलेगा। विभिन्न कार्यक्रमों के बाद 11 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा के साथ अग्र महाकुंभ का समापन किया जाएगा।