अंबिकापुर। सरगुजा जिले के कंठी-जगदीशपुर मार्ग पर गणेश विसर्जन के दौरान विवाद के बाद प्रशिक्षु DSP निशांत कुर्रे के साथ मारपीट और उनके निजी वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान वाहन को साइड देने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ युवकों ने प्रशिक्षु DSP निशांत कुर्रे के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद उनके निजी वाहन में भी तोड़फोड़ की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटना में शामिल बताए जा रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के दौरान कुछ युवकों के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस के बयान के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।