Breaking News

25 दिन से आंदोलनरत अतिथि शिक्षकों को पुलिस ने हिरासत में लिया, नियमितीकरण की मांग पर अड़े


छत्तीसगढ़/दुर्ग। नियमितीकरण की मांग को लेकर पिछले 25 दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे छत्तीसगढ़ के अतिथि शिक्षकों को बुधवार सुबह पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सुबह पुलिस बल धरना स्थल पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर वहां से हटाया। इस दौरान अतिथि शिक्षकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी की।

इससे पहले मंगलवार देर रात दुर्ग नगर निगम का अमला धरना स्थल पहुंचा था, जहां प्रदर्शनकारियों के टेंट हटा दिए गए। इसके बाद बुधवार सुबह पुलिस ने धरना समाप्त कराते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

गौरतलब है कि दो दिन पहले अतिथि शिक्षकों ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के दुर्ग स्थित सेवा सदन निवास के बाहर भी प्रदर्शन किया था। इसके बाद शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को रायपुर बुलाकर चर्चा की। हालांकि, बातचीत के बाद भी उनकी प्रमुख मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका।

अतिथि शिक्षकों की मांग है कि उन्हें नियमित शिक्षकों के समान वेतनमान दिया जाए और उनका नियमितीकरण किया जाए। मांग पूरी नहीं होने पर उनका आंदोलन लगातार जारी है।