Breaking News

KCC ऋण घोटाले में एक और गिरफ्तारी, 1.92 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में आरोपी जेल भेजा गया


सरगुजा/सीतापुर : सरगुजा जिले के बहुचर्चित किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण घोटाले में सीतापुर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंबिकापुर की पेटला शाखा में किसानों के खातों से कथित रूप से करोड़ों रुपये के फर्जी आहरण के मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, थाना सीतापुर में दर्ज अपराध क्रमांक 188/2026 की जांच के दौरान कलेक्टर सरगुजा द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि पेटला शाखा में 127 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर उनके खातों से 1 करोड़ 92 लाख 82 हजार 96 रुपये का अनियमित आहरण किया गया। जांच में तत्कालीन शाखा प्रबंधक, सहायक लेखापाल, कैशियर, सामान्य सहायक, दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर और समिति प्रबंधक समेत कई लोगों की भूमिका सामने आई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने दीपक कुमार चक्रधारी (29 वर्ष) निवासी अखोराकला, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 19 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। KCC ऋण घोटाले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।