Breaking News

वासेपुर कनेक्शन मामला: राजहंस ट्रांसपोर्ट ने आरोपों को बताया साजिश, निष्पक्ष जांच की मांग


अंबिकापुर। झारखंड के धनबाद जिले के चर्चित वासेपुर दोहरे हत्याकांड के सजायाफ्ता आरोपी शब्बीर अहमद को संरक्षण देने के मामले में पुलिस और जिला प्रशासन की जांच लगातार जारी है। इस बीच मामले में नाम सामने आने के बाद अंबिकापुर स्थित राजहंस ट्रांसपोर्ट के संचालक इरशाद अहमद ने पहली बार अपना पक्ष सार्वजनिक किया है।


इरशाद अहमद ने कहा कि उनका, उनके परिवार या उनके ट्रांसपोर्ट व्यवसाय का शब्बीर अहमद से किसी भी प्रकार का कोई संबंध या लेन-देन नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा और परमिट से जुड़े विवाद के कारण कुछ लोग उनकी कंपनी की छवि खराब करने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं।


गौरतलब है कि झारखंड पुलिस के अनुसार शब्बीर अहमद पिछले करीब 12 वर्षों से अंबिकापुर में छिपकर रह रहा था। 29 जून को झारखंड पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, आरोपी को संरक्षण देने के आरोप में राजहंस ट्रांसपोर्ट के एक संचालक के खिलाफ भी अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।


इरशाद अहमद ने कहा कि उनकी कंपनी पुलिस और जिला प्रशासन की जांच में पूरा सहयोग कर रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।


फिलहाल पुलिस और जिला प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।