सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। करंजी चौकी क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के दो दिन बाद 20 वर्षीय युवती मृत पाई गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवती के युवक की मौत के बाद गहरे सदमे में होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले करंजी चौकी क्षेत्र निवासी वीरपाल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद युवती काफी परेशान और उदास बताई जा रही थी। बुधवार को उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवती के युवक की मौत के बाद सदमे में होने की जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.