Breaking News

सड़क की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर बोया धान

सरगुजा : लखनपुर विकासखंड अंतर्गत पुहपुटरा पंचायत के चिलबिल पंडोपारा में खस्ताहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों ने विरोध का अनूठा तरीका अपनाया है। सड़क पर पसरे कीचड़ और बड़े गड्ढों से तंग आकर ग्रामीणों ने उस पर धान की फसल लगा दी। कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल के इस क्षेत्र में ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 10 सालों से सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल झूठे आश्वासन मिलते हैं। 


स्थिति इतनी दयनीय है कि स्कूली बच्चे आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं और एम्बुलेंस तक गाँव तक नहीं पहुँच पाती, जिसके चलते गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को 2 किलोमीटर तक खाट पर लादकर ले जाना पड़ता है। विशेष आरक्षित पंडो जनजाति के परिवारों की सुध लेने वाला कोई नहीं है और पंचायत स्तर पर भी केवल खानापूर्ति की जा रही है। अब इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद देखना होगा कि प्रशासन कब तक जागता है और ग्रामीणों को इस नारकीय जीवन से मुक्ति दिलाता है।