Breaking News

पीलिया से युवती की मौत, झाड़फूंक के भरोसे इलाज कराने का आरोप



सरगुजा/लखनपुर : लखनपुर विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र रेमहला से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां 25 वर्षीय एक युवती की पीलिया से मौत हो गई। आरोप है कि समय पर चिकित्सकीय इलाज कराने के बजाय उसका लंबे समय तक झाड़फूंक के जरिए उपचार कराया जाता रहा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रेमहला निवासी फूलेश्वरी का प्रेम विवाह देवभूडु निवासी दिलकर राम से हुआ था। कुछ समय पहले वह पीलिया से पीड़ित हुई। परिजनों ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक के माध्यम से इलाज कराया। इस दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई।

हालत गंभीर होने पर उसे लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की कमी और अंधविश्वास के दुष्परिणामों को एक बार फिर सामने लाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार गंभीर बीमारियों में समय पर डॉक्टर से उपचार कराने की सलाह देते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता बताई जा रही है।