छत्तीसगढ़/अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड की स्कूल रसोइयों ने मानदेय बढ़ाने और कलेक्टर दर के अनुसार वेतन देने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान कर दिया है। रसोईया संघ ने अपनी मांगों को लेकर सरगुजा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर दो दिवसीय हड़ताल की जाएगी।
रसोईया संघ का कहना है कि वर्तमान में उन्हें प्रतिमाह मात्र 2,000 रुपये मानदेय मिलता है। जबकि वे प्रतिदिन स्कूलों में मध्यान्ह भोजन तैयार करने, बच्चों को भोजन परोसने, बर्तन साफ करने और अन्य आवश्यक कार्यों की जिम्मेदारी निभाती हैं। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच इतने कम मानदेय में परिवार का खर्च चलाना और बच्चों की पढ़ाई कराना बेहद मुश्किल हो गया है।
रसोइयों ने मांग की है कि उन्हें कलेक्टर दर के अनुसार पूर्णकालिक वेतन दिया जाए, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें। संघ का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पहले दो दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
रसोईया संघ ने यह भी कहा कि यदि सरकार और प्रशासन उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज करते रहे तो वे सामूहिक इस्तीफा देने के लिए भी मजबूर होंगे।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग रसोइयों की मांगों पर क्या निर्णय लेते हैं और प्रस्तावित हड़ताल से पहले कोई समाधान निकल पाता है या नहीं।