कवर्धा - कवर्धा के पांडातराई में बस में ड्यूटी के दौरान एक कंडक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में जानकारी छिपाने और न्याय देने कि मांग को लेकर परिजनों ने पोंडी बिलासपुर NH130A पांडातराई में मृतक के शव को रखकर चक्का जाम कर दिया है।जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों कि लम्बी कतारे लग गई है।
इधर मृतक के परिजनों ने बस चालक की लापरवाही से हादसा होने का आरोप लगाते हुए बस मालिक पर घटना की जानकारी छिपाने और पुलिस पर समय पर कार्रवाई नहीं करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।मृतक के छोटे भाई उमेश राव के अनुसार, उनके बड़े भाई लक्ष्मी राव छत्तीसगढ़ ट्रैवल्स की बस में कंडक्टर के पद पर कार्यरत थे। आरोप है कि पांडातराई बस स्टॉप पर बस से साइकिल उतारते समय चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी, जिससे लक्ष्मी राव नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल को पहले पांडातराई के आशीर्वाद अस्पताल और बाद में चंद्रयान हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद उन्हें किसी अन्य व्यक्ति से जानकारी मिली, जबकि बस मालिक उन्हें लगातार इलाज चलने की बात कहकर गुमराह करता रहा।
परिवार का यह भी कहना है कि घटना की सूचना न तो बस मालिक, न चालक और न ही स्थानीय पुलिस ने समय पर दी। रात में पांडातराई थाने पहुंचकर परिजनों ने एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की, लेकिन तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इधर सड़क पर चक्का जाम में बैठे परिजनों को पांडातराई पुलिस कि टीम समझाइश देने कि कोशिश लगातार कर रही है।