सरगुजा। जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमकी के खुटापारा में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से 5 वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि दो बच्चे स्कूल मैदान में आम उठाने गए थे, जबकि एक युवक पास में बैल चरा रहा था। इसी दौरान तीनों आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
घटना में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही धौरपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। घटना के बाद खुटापारा गांव में मातम पसरा हुआ है।