लो एक्सप्लोसिव सामग्री जब्त, बम स्क्वॉड और FSL टीम ने किया नष्ट
छत्तीसगढ़/ रायपुर : राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित रावाभाठा इलाके में बुधवार को संदिग्ध बम सामग्री मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। वार्ड क्रमांक 13 के एक मकान में देसी बम बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री होने की सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिस्पोज एंड डिटेक्शन स्क्वॉड (BDDS) और FSL की टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान टीम को बैटरी, वायर, डेटोनेटर और दो बोतल संदिग्ध केमिकल सहित अन्य सामग्री मिली। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर अतिरिक्त बल तैनात किया। संदिग्ध सामग्री मिलने की खबर से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल रहा।
BDDS और FSL की प्रारंभिक जांच में लो एक्सप्लोसिव इंटेंसिटी की सामग्री होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद विशेषज्ञ टीम ने बरामद सामग्री को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और आसपास के लोगों तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि सामग्री किस उद्देश्य से रखी गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।